थराली पहुंचने पर मानसखंड झांकी का हुआ जोरदार स्वागत।

सुभाष पिमोली

थराली।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रथम स्थान पर रही उत्तराखंड की मानसखंड झांकी के दूरस्थ क्षेत्र थराली पहुंचने पर लोगों में उत्साह देखा गया। यह झांकी गोपेश्वर, जोशीमठ, पीपलकोटी, मायापुर, चमोली, मैठाणा, नंदप्रयाग, लंगासू, कर्णप्रयाग सहित अन्य स्थानों में प्रदर्शित होकर सोमवार को थराली पहुंची।

जिसे देखने के लिए काफी लोग मौजूद रहे। इस दौरान लोगों में झांकी के साथ सेल्फी खिंचवाने का उत्साह दिखाई दिया। यह झांकी सभी जनपद एवं विकासखंडो में प्रदर्शित की जा रही है।

बीते 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर पूरे देश में उत्तराखंड की झांकी मानसखंड प्रथम स्थान पर रही थी। झांकी में जागेश्वर महादेव मंदिर समूह, ऐपण कला, वन, कार्बेट नेशनल पार्क, राज्य पक्षी मोनाल, राज्य वन पशु कस्तूरी मृग, छोलिया नृत्य को बेहतर तरीके से चित्रित एवं प्रदर्शित किया गया है।