कृषि मंत्री गणेश जोशी ने एप्पल मिशन योजना के अंतर्गत बड़कोट में स्थापित उद्यानों का किया निरीक्षण

मनमोहन भट्ट,

बड़कोट/उत्तरकाशी

राज्य के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बड़कोट क्षेत्र के अपने भ्रमण के दौरान सेब उद्यानों का निरीक्षण करने के साथ ही विभिन्न जगहों पर लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के निस्तारण का भरोसा दिलाया।


जोशी ने पीडब्ल्यूडी निरीक्षण भवन बड़कोट में स्थानीय लोगों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना। कैबिनेट मंत्री ने चक्रगांव-साड़ा-उपराड़ी मोटरमार्ग का निरीक्षण कर इस सड़क की स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता को इस सड़क को सुधारे जाने हेतु तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


उपराड़ी गांव में एप्पल मिशन योजना के अंतर्गत स्थापित उद्यानों का निरीक्षण करते हुए जोशी ने सेब पर लगने वाली बीमारियों के नियंत्रण के लिए उद्यान विभाग के अधिकारियों को कारगर इंतजाम किए जाने के निर्देश दिए। इस मौके पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा सरकार ने प्रदेश में अति सघन बागवानी द्वारा अगले 8 वर्षों में प्रदेश में सेब के व्यवसाय को 200 करोड़ से बढ़ाकर 2000 करोड़ रूपये करने का लक्ष्य तय किया है जिसे हासिल करने के लिए 808.79 करोड़ रू. का बजट प्राविधान किया गया है।

उन्होंने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किसानों की आय दोगुनी करने के संकल्प को सार्थक करने हेतु मिशन एप्पल योजना के बजट में कई गुना वृद्धि करते हुए अति सघन व सघन सेब बागानों की स्थापना के लिए किसानों को 80 प्रतिशत राजसहायता दी जा रही है। किसानों की आजविका में सुधार लाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है।


जोशी ने यमुनोत्री मार्ग पर स्थित कुथनौर गांव में भी ग्रामीणों से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनी।


इस दौरान विधायक संजय डोभाल,मुख्य उद्यान अधिकारी डा. डी.के.तिवारी भाजपा मंडल अध्यक्ष मीनाक्षी रौंटा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अतोल रावत, मुकेश टम्टा, आजाद डिमरी समेत दर्जनों कार्यकर्त मौजूद रहे।