रुद्रपुर: उत्तराखंड के रुद्रपुर में सोमवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में एक श्रमिक की जान चली गई। बताया जा रहा है कि कंपनी में समय से पहले पहुंचने पर गेट से लौटा दिए जाने के बाद वह रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे के बाद परिजनों और सहकर्मियों ने पोस्टमार्टम हाउस में हंगामा करते हुए कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
जानकारी के अनुसार, इंदिरा कॉलोनी निवासी 55 वर्षीय सुरेश प्रसाद पुत्र बाजीलाल सिडकुल स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। सोमवार सुबह वह ड्यूटी के लिए निकले थे, लेकिन कंपनी गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने ‘नो एंट्री’ बताकर उन्हें अंदर जाने से रोक दिया और बाद में आने को कहा।
इसके बाद जब सुरेश प्रसाद दोबारा घर से निकले, तो सिंह कॉलोनी के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय काठगोदाम से दिल्ली जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रेलवे पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों का हंगामा, कंपनी पर गंभीर आरोप
हादसे के बाद मृतक के परिजन और सहकर्मी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि कंपनी की लापरवाही के चलते ही सुरेश प्रसाद को अपनी जान गंवानी पड़ी।
समाजसेवी सुशील गावा ने बताया कि मृतक पिछले 18 वर्षों से कंपनी में कार्यरत थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हादसे की सूचना मिलने के बावजूद कंपनी प्रबंधन ने मृतक के बेटे से काम जारी रखा, जो बेहद संवेदनहीनता को दर्शाता है।
बीमार होने के बावजूद गए थे ड्यूटी पर
मृतक के बेटे इंद्रजीत ने बताया कि उनके पिता पिछले पांच दिनों से बीमार थे और घर पर आराम कर रहे थे। कंपनी प्रबंधन के कहने पर ही वह सोमवार सुबह काम पर गए थे, लेकिन गेट से लौटा दिए जाने के बाद दोबारा जाते समय हादसे का शिकार हो गए।
जेब में मिली रसीद से हुई पहचान
हादसे के बाद सुरेश प्रसाद की पहचान उनकी जेब से मिली बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जयंती के लिए दिए गए चंदे की रसीद से हुई। इसके आधार पर परिजनों ने शव की शिनाख्त की।
जांच में जुटी पुलिस, CCTV खंगाले जा रहे
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
एक महीने में तीसरी घटना
रुद्रपुर में पिछले एक महीने में रेलवे ट्रैक पर हादसों की यह तीसरी घटना है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।
मुआवजा और नौकरी की मांग
परिजनों और श्रमिकों ने मृतक के बेटे को स्थायी नौकरी और उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर कंपनी गेट पर शव रखकर प्रदर्शन किया जाएगा।
पुलिस का बयान
एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।