काशीपुर हाईवे पर देर रात फायरिंग, स्कॉर्पियो सवार कारोबारी व साथी सुरक्षित

काशीपुर/बिलासपुर: काशीपुर हाईवे पर रविवार देर रात फायरिंग की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने एक स्कॉर्पियो पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिसमें सवार कारोबारी और उसके तीन साथी बाल-बाल बच गए।

मिली जानकारी के अनुसार, मनिहार खेड़ा (बिलासपुर, रामपुर) निवासी विजय, जो “कार बाजार” के नाम से पुराने वाहनों का कारोबार करते हैं, रविवार रात करीब 11:30 बजे अपने साथियों नजर अली, महेश और रवि के साथ रुद्रपुर के गावा चौक गए थे। वहां से लौटते समय फ्लाईओवर के पास पीछे से आए बाइक सवार युवकों ने उनकी स्कॉर्पियो को निशाना बनाते हुए पिस्टल से फायरिंग कर दी।

अचानक हुई इस वारदात से वाहन में बैठे लोग घबरा गए, लेकिन चालक विजय ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन की गति बढ़ाई और सीधे आदर्श कॉलोनी पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की सूचना दी।

बताया जा रहा है कि घटनास्थल उत्तर प्रदेश के बिलासपुर क्षेत्र के रुद्र-बिलास चौकी इलाके में आता है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने यूपी पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची यूपी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पीड़ितों से पूछताछ की है।

पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले की जांच उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अन्य एजेंसियों से सहयोग लिया जाएगा।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही घटना के खुलासे का दावा कर रही है।