मांडूवाला जंगल में बोरे में मिली युवती की लाश, छह दिन पुरानी शव से फैली सनसनी
देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला इलाके में एक युवती का शव जंगल से बोरे में बंद हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तेज दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और बोरे को खोलने पर उसमें एक महिला का शव पाया। पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष है। शुरुआती जांच में शव लगभग छह दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव को घुटनों से मोड़कर बोरे में रखा गया था, जिससे हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने का अंदेशा जताया जा रहा है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि जिले के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है ताकि मृतका की पहचान की जा सके। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारण और आरोपी तक पहुंचने में मदद मिलेगी। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर डर का माहौल है और पुलिस ने शांति बनाए रखने और किसी भी जानकारी के लिए सीधे थाने से संपर्क करने की अपील की है।