Dehradun: श्री झंडे जी मेले में निकली भव्य नगर परिक्रमा, हजारों श्रद्धालुओं ने किया हिस्सा लिया

देहरादून। राजधानी देहरादून में आयोजित ऐतिहासिक श्री झंडे जी मेले में मंगलवार को भव्य नगर परिक्रमा निकाली गई। यह परिक्रमा श्री झंडे जी के आरोहण के तीसरे दिन आयोजित की गई थी, जिसमें देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आस्था का अनूठा दृश्य प्रस्तुत किया। नगर परिक्रमा का नेतृत्व श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने किया।

सुबह से ही श्रद्धालु श्री दरबार साहिब में एकत्रित होने लगे। पूजा-अर्चना और हवन के बाद नगर परिक्रमा की शुरुआत हुई। जयकारों और भक्ति गीतों के बीच यह परिक्रमा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहाँ श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने संगत का स्वागत किया।

नगर परिक्रमा दरबार साहिब से शुरू होकर सहारनपुर चौक, कांवली रोड, एसजीआरआर बिंदाल, तिलक रोड, चकराता रोड, घंटाघर, पलटन बाजार होते हुए पुनः श्री दरबार साहिब में समाप्त हुई।

इस अवसर पर श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने कहा कि गुरु की शरण में आने से ही मनुष्य जीवन का सच्चा मार्ग जान सकता है। गुरु की वाणी अमृत के समान है, जो मानव जीवन को पवित्र और सफल बनाती है। उन्होंने बताया कि भक्ति, सेवा और सत्कर्म ही मानव जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। जो व्यक्ति सच्चे मन से गुरु का स्मरण करता है, उस पर सद्गुरु की असीम कृपा बनी रहती है।

नगर परिक्रमा के दौरान एसजीआरआर बॉम्बेबाग में श्रद्धालुओं को गन्ने का प्रसाद वितरित किया गया। इसके अलावा श्री दरबार साहिब परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर में लगभग 200 यूनिट रक्तदान किया गया।

मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने बताया कि नगर परिक्रमा दूनवासियों के लिए ऐतिहासिक अवसर है। इस दौरान देश-विदेश की संगत और स्थानीय श्रद्धालु मिलकर आस्था और भाईचारे का अद्भुत संगम प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।