देहरादून: रायवाला और रानीपोखरी थानों में फेरबदल, राजेन्द्र खोलिया बने नए थानाध्यक्ष

देहरादून: देहरादून पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र डोबाल ने कार्यभार संभालने के बाद अपनी पहली तबादला सूची जारी की है, जिसमें रायवाला कोतवाली और रानीपोखरी थाने के प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किए गए हैं। इस संबंध में देर रात आदेश जारी किए गए।

आदेश के अनुसार रायवाला कोतवाली में तैनात प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र खोलिया को रानीपोखरी थाने का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं रानीपोखरी के वर्तमान थानाध्यक्ष विकेंद्र चौधरी को पुलिस मुख्यालय देहरादून में तैनात किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, रायवाला कोतवाली में फिलहाल किसी नए प्रभारी निरीक्षक की नियुक्ति नहीं की गई है। संभावना जताई जा रही है कि यहां किसी प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी को तैनात किया जा सकता है।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल की इस पहली तबादला सूची को पुलिस महकमे में प्रशासनिक फेरबदल की शुरुआत माना जा रहा है। पुलिस विभाग में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए आने वाले दिनों में और भी बदलाव किए जाने की उम्मीद है।