देहरादून। राजधानी देहरादून में रसोई गैस की आपूर्ति बाधित होने से शहर में संकट की स्थिति पैदा हो गई है। गैस वितरण में आई रुकावट के कारण करीब दो दिन का बैकलॉग बन गया है। स्थिति को देखते हुए फिलहाल कमर्शियल सिलिंडरों की सामान्य सप्लाई पर अस्थायी रोक लगा दी गई है।
सरकार ने गैस बुकिंग का समय बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है, जिससे वितरण व्यवस्था प्रभावित हुई है। इसके परिणामस्वरूप होटल, ढाबे और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कमर्शियल गैस सिलिंडर फिलहाल उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। वहीं उपभोक्ताओं को रसोई गैस की बुकिंग कराने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि बुकिंग नंबर सही तरीके से काम नहीं कर रहा।
गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि कमर्शियल सिलिंडरों की सप्लाई केवल आवश्यक सेवाओं तक सीमित रहे। इसके तहत शहर के अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलिंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि आवश्यक सेवाओं पर कोई असर न पड़े।
गैस एजेंसी अधिकारियों ने बताया कि सप्लाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं और बैकलॉग समाप्त होते ही सामान्य सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और अनावश्यक गैस बुकिंग न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों में बैकलॉग खत्म करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे राजधानी में गैस की आपूर्ति जल्द सामान्य हो सके।