चमोली: कठूड़ गांव में नवविवाहित दंपती और परिजनों पर लाठी-डंडों से हमला, वाहन भी क्षतिग्रस्त

चमोली। जनपद चमोली के गोपेश्वर क्षेत्र में कठूड़ गांव के पास रविवार देर शाम एक नवविवाहित दंपती और उनके परिजनों के साथ मारपीट का मामला सामने आया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गोपालश्वर निवासी अनुष्का रावत ने थाने में दी गई शिकायत में बताया कि वह अपने पति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सैर-सपाटे के लिए गोपेश्वर–पोखरी सड़क पर गई थीं। कठूड़ गांव के पास परिवार वहां के दृश्य की फोटो ले रहा था और बातचीत कर रहा था, तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और बिना किसी कारण के परिवार पर हमला कर दिया।

पीड़िता के अनुसार, हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे उनके पति और परिवार के एक अन्य सदस्य को सिर पर गंभीर चोटें आईं। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज किया गया। अनुष्का ने यह भी बताया कि हमले में उनके साथ छोटे बच्चों के साथ भी बदसलूकी की गई और वाहन को भी पत्थरों से नुकसान पहुंचाया गया।

अनुष्का ने कहा कि उनकी हाल ही में शादी हुई है और वह परिवार के साथ शाम के समय सैर-सपाटे पर गई थीं। घटना के बाद परिवार भयभीत हो गया।

जांच अधिकारी शिखा तेग्रवाल ने बताया कि मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कठूड़ गांव में जाकर स्थानीय लोगों से पूछताछ की है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।