हरिद्वार: ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के बीएएमएस छात्र ने गंगा में कूदकर आत्महत्या की, सुसाइड नोट में लिखा—“मैं एक असफल इंसान हूं”

हरिद्वार।
धर्मनगरी हरिद्वार में एक दुखद घटना सामने आई है। ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के बीएएमएस द्वितीय वर्ष के छात्र ने गंगा नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक के कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने खुद को असफल इंसान बताते हुए जिंदगी से हार मानने की बात लिखी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान यशपाल (23) पुत्र पुष्पेंद्र पाल, निवासी साही भवन, इंद्रा नगर, जिला गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह हरिद्वार के मायापुर क्षेत्र में किराये के कमरे में रहकर बीएएमएस की पढ़ाई कर रहा था। शुक्रवार से यशपाल का कुछ पता नहीं चल पा रहा था।

इसी दौरान शुक्रवार देर शाम गंगा नदी में पथरी पावर हाउस के पास एक युवक का शव बरामद हुआ। शनिवार सुबह शव को मोर्चरी ले जाकर शिनाख्त कराई गई, जहां साथी छात्रों ने उसकी पहचान यशपाल के रूप में की।

इसके बाद पुलिस ने मायापुर स्थित उसके कमरे की तलाशी ली, जहां से सुसाइड नोट मिला। नोट में छात्र ने मानसिक तनाव का जिक्र करते हुए आत्महत्या करने का कारण बताया है। घटना की खबर फैलते ही कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल बन गया।

साथी छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों का कहना था कि परीक्षाओं और परिणामों में लगातार हो रही देरी के कारण वे मानसिक दबाव में रहते हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इसी तनाव के चलते यशपाल मानसिक रूप से टूट चुका था और उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।

स्थिति बिगड़ती देख शहर कोतवाली पुलिस और सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। कई घंटे की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

शहर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों के हरिद्वार पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों की गहन पड़ताल की जा रही है।