देहरादून में फिर गोलियों की गूंज: राजपुर रोड पर जिम से बाहर निकलते युवक की सिर में गोली मारकर हत्या

देहरादून: राजधानी देहरादून में अपराध का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार सुबह राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी कॉम्पलेक्स में एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिम से बाहर निकलते ही युवक के सिर में गोली मारी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह प्रॉपर्टी और खनन से जुड़े कारोबार में सक्रिय था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विक्रम शर्मा रोज की तरह जिम से बाहर निकल रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावर ने बेहद करीब से उसके सिर को निशाना बनाते हुए गोली चला दी।

पैदल आया हत्यारा, गोली मारकर हुआ फरार

स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी पैदल ही सिल्वर सिटी कॉम्पलेक्स पहुंचा था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। इलाके को सील कर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हत्यारे की पहचान की जा सके।

राजधानी में बढ़ती वारदातों से दहशत

राजधानी दून में लगातार हो रही हत्याओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज तीन दिन पहले तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस घटना के बाद से ही शहर में दहशत का माहौल बना हुआ है, और अब राजपुर रोड पर हुई इस वारदात ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

पहले भी सहम चुका है देहरादून

बीते दिनों देहरादून और आसपास के इलाकों में कई सनसनीखेज घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 2 फरवरी को दूल्हा बाजार में हुए गुंजन हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर दिया था। वहीं ऋषिकेश में प्रीति रावत की गोली मारकर हत्या और विकासनगर क्षेत्र में 12वीं की छात्रा मनीषा तोमर की निर्मम हत्या ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।

लगातार हो रही इन आपराधिक घटनाओं से आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। फिलहाल राजपुर रोड हत्याकांड की जांच तेज कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।