कोटद्वार में फिर बढ़ी हलचल: वायरल वीडियो के बाद पुलिस अलर्ट, हिंदू रक्षा दल ने विरोध प्रदर्शन का किया एलान

दुकान के नाम को लेकर हुए विवाद के बाद शांत हो रहे कोटद्वार में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के बाद माहौल गरमाने की आशंका को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। वायरल वीडियो में हिंदू रक्षा दल ने जिम संचालक दीपक कुमार के विरोध में गुरुवार को कोटद्वार पहुंचने का एलान किया है।

जानकारी के अनुसार, बीते दिनों हुए विवाद के बाद कोटद्वार में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही थी, लेकिन इस नए वीडियो ने एक बार फिर तनाव की स्थिति पैदा कर दी है। वीडियो में हिंदू रक्षा दल के उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं से कोटद्वार पहुंचने की अपील की गई है। संगठन की ओर से आरोप लगाया गया है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा समाज को बांटने का प्रयास किया जा रहा है, जिसके विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा।

स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश सीमा पर निगरानी बढ़ा दी है। बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

एएसपी कोटद्वार चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में रोजाना रूटीन चेकिंग की जा रही है। वायरल वीडियो को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। उन्होंने आम लोगों से शांति बनाए रखने, प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी प्रकार की भड़काऊ या समाज विरोधी सामग्री को सोशल मीडिया पर साझा न करने की अपील की है।

वहीं, पूर्व सैनिकों सहित कई स्थानीय संगठनों ने भी बाहरी तत्वों द्वारा कोटद्वार आकर माहौल खराब करने की कोशिशों पर नाराजगी जताई है। संगठनों ने प्रशासन से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और शहर की शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि कोटद्वार में कानून व्यवस्था बनी रहे।