अर्जुन हत्याकांड का बड़ा खुलासा: करोड़ों की प्रॉपर्टी को लेकर विवाद, मां ने ही रचाई बेटे की हत्या की साजिश

Dehradun के तिब्बती मार्केट के सामने कारोबारी और टेनिस खिलाड़ी अर्जुन की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि इस जघन्य हत्याकांड के पीछे किसी बाहरी दुश्मनी का नहीं, बल्कि पारिवारिक प्रॉपर्टी विवाद का हाथ था। पुलिस के अनुसार, मृतक की मां बीना शर्मा ने ही अपने बेटे की हत्या की साजिश रची और शूटरों को 12 लाख रुपये की सुपारी दी।

एसएसपी अजय सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि बलिदानी कोटे से परिवार को मिली गैस एजेंसी, उसके लोन और करोड़ों रुपये की संपत्ति को लेकर मां-बेटे के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। हालात इस कदर बिगड़ गए कि मां ने बेटे को रास्ते से हटाने का खौफनाक फैसला कर लिया।

12 लाख की सुपारी, तीन लाख एडवांस

पुलिस के मुताबिक, बीना शर्मा ने पेशेवर शूटरों से संपर्क कर कुल 12 लाख रुपये में हत्या की सुपारी तय की थी। इसमें से तीन लाख रुपये एडवांस के तौर पर पहले ही दिए जा चुके थे, जबकि शेष रकम हत्या के बाद देने की बात तय हुई थी।

25 दिन पहले से चल रही थी हत्या की प्लानिंग

जांच में यह भी सामने आया है कि बीना शर्मा ने करीब 25 दिन पहले ही बेटे की हत्या की योजना बना ली थी। वह अर्जुन की दिनचर्या और गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी। इसके लिए उसने गैस एजेंसी के मैनेजर से भी अर्जुन की मूवमेंट की जानकारी हासिल की, ताकि वारदात को सही समय और जगह पर अंजाम दिया जा सके।

आठ करोड़ रुपये बने विवाद की जड़

पुलिस ने बताया कि हाल ही में बीना शर्मा ने जीएमएस रोड स्थित एक प्रॉपर्टी बेची थी, जिससे उसके खाते में करीब 14 करोड़ रुपये आए थे। इनमें से आठ करोड़ रुपये उसने विनोद नामक व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर दिए। अर्जुन ने इस लेनदेन का विरोध किया, जिसके बाद विवाद और गहरा गया और हत्या की साजिश रची गई।

मुठभेड़ में शूटर और सहयोगी गिरफ्तार

हत्याकांड के बाद देहरादून पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया। रायपुर क्षेत्र के लाडपुर जंगल और लालतप्पर इलाके में हुई अलग-अलग मुठभेड़ों के दौरान मुख्य शूटर और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देशी तमंचे और वारदात में प्रयुक्त एक स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में दोनों बदमाशों ने तिब्बती मार्केट के सामने अर्जुन की हत्या करने की बात कबूल कर ली है। पुलिस अब इस पूरे मामले से जुड़े अन्य लोगों और आर्थिक लेनदेन की गहराई से जांच कर रही है।

इस खुलासे के बाद देहरादून में यह हत्याकांड न केवल अपराध, बल्कि टूटते पारिवारिक रिश्तों की एक भयावह मिसाल बनकर सामने आया है।