देहरादून गोलीकांड: 42 करोड़ के विवाद में बीच बाजार कारोबारी की हत्या, मां समेत चार पर मुकदमा दर्ज

Dehradun Crime News:
उत्तराखंड की राजधानी Dehradun में बुधवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज हत्या ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। डालनवाला थाना क्षेत्र के तिब्बती मार्केट के सामने अज्ञात हमलावरों ने 42 वर्षीय कारोबारी अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

तिब्बती मार्केट के सामने बरसी गोलियां

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे कंट्रोल रूम को तिब्बती मार्केट के बाहर फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही डालनवाला पुलिस मौके पर पहुंची, जहां अर्जुन शर्मा गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़े मिले। उन्हें तुरंत दून अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे।

टेनिस खेलकर लौटते समय किया गया हमला

जांच में सामने आया है कि अर्जुन शर्मा रोजाना परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने जाते थे। बुधवार को भी वह टेनिस खेलने के बाद तिब्बती मार्केट पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उन्होंने एक ठेली से अनानास खरीदा और अपनी कार की ओर बढ़ रहे थे, तभी नीले रंग की स्कूटी पर सवार दो हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं और कोर्ट की दिशा में फरार हो गए।

पत्नी की तहरीर पर मां समेत चार नामजद

घटना के बाद मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा ने डालनवाला थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अर्जुन की मां बीना शर्मा, कारोबारी विनोद उनियाल, संगीता उनियाल और डॉ. अजय खन्ना के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पत्नी ने आरोप लगाया है कि इन सभी ने मिलकर अर्जुन की हत्या की साजिश रची।

42 करोड़ रुपये के लेनदेन का विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे पैसों का बड़ा विवाद था। अमरदीप गैस एजेंसी से जुड़े कर्मचारियों के मुताबिक, अर्जुन शर्मा और विनोद उनियाल के बीच करीब 42 करोड़ रुपये से अधिक के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। अर्जुन शर्मा लगातार अपनी रकम वापस मांग रहे थे। इसके अलावा, अर्जुन की मां से तीन करोड़ रुपये लेकर दो फ्लैट खरीदने का मामला भी विवाद की एक अहम कड़ी बताया जा रहा है।

पहले से चल रहा था पारिवारिक तनाव

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अर्जुन शर्मा का अपने पारिवारिक व्यवसाय और आर्थिक लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उनकी मां ने पहले ही अपने बेटे से जान का खतरा बताते हुए उच्च न्यायालय से सुरक्षा भी प्राप्त की थी। इस पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जिलेभर में अलर्ट

घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में नीली स्कूटी पर सवार दो हमलावर गोली मारकर फरार होते हुए कैद हुए हैं। एसएसपी के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। शहर के प्रमुख मार्गों और जिले की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।