चंपावत: पॉलिटेक्निक कॉलेज की लैब में केमिकल बोतल टूटने से हड़कंप, सात छात्राएं और शिक्षिका बेहोश

चंपावत जिले के लोहाघाट स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रयोगशाला में प्रैक्टिकल के दौरान एक खतरनाक केमिकल की बोतल नीचे गिरकर टूट गई। केमिकल की तीखी गंध फैलते ही फार्मेसी प्रथम वर्ष की सात छात्राएं और एक शिक्षिका बेहोश हो गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फार्मेसी प्रथम वर्ष की छात्राएं प्रयोगशाला में शिक्षिका के साथ प्रैक्टिकल कर रही थीं। इसी दौरान पास में रखी एसिटल क्लोराइड (Acetyl Chloride) की बड़ी बोतल अचानक जमीन पर गिर गई और फट गई। बोतल के टूटते ही केमिकल की तेज गंध पूरे लैब में फैल गई, जिससे वहां मौजूद छात्राओं और शिक्षिका को सांस लेने में दिक्कत होने लगी और वे बेहोश हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही संस्थान प्रशासन में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों की मदद से सभी प्रभावितों को तत्काल बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से उपचार के लिए लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय भेजा गया।

अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि केमिकल के प्रभाव से पीड़ित छात्राओं और शिक्षिका को सांस फूलना, खांसी, आंखों में जलन और बेहोशी की शिकायत हुई थी। सभी को ऑक्सीजन सपोर्ट देकर इलाज किया जा रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।

घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने प्रयोगशाला की सुरक्षा व्यवस्था और केमिकल के रखरखाव को लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा मानकों को और सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं।