जालौन: प्रयागराज माघ मेला गए किसान के घर से 80 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी

एट थाना क्षेत्र के पिंड़ारी गांव में चोरों ने एक किसान के घर से करीब 80 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना उस समय हुई जब गृहस्वामी गजेंद्र सिंह माघ मेले में प्रयागराज गए हुए थे। सोमवार को घर लौटने पर उन्होंने तोड़फोड़ और बिखरे सामान को देखकर पुलिस को सूचना दी।

पीड़ित ने बताया कि 13 जनवरी को वह माघ मेले के लिए प्रयागराज गए थे और घर में ताला बंद था। पत्नी रजनी देवी और पुत्र हेमेंद्र उरई में थे। 20 जनवरी को घर लौटने पर मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ और घर के सभी कमरे खुले मिले। बरामदे में सामान बिखरा हुआ था और अलमारी तथा तिजोरी के ताले टूटे हुए थे।

चोरों ने पत्नी के 30 तोले सोने के आभूषण और बहू अनुराधा के लगभग 28 तोले सोने के जेवर ले लिए। इसके अलावा करीब तीन किलो चांदी के जेवर भी चोरी हो गए। चोरी गए आभूषणों में चूड़ियां, हार, जंजीर, अंगूठियां, हाथफूल, झुमकी, करधनी, पायल-बिछिया और करीब 1500 चांदी के सिक्के शामिल हैं। कुल चोरी गई संपत्ति की कीमत लगभग 80 लाख रुपये बताई जा रही है।

घटना के बाद गांव में डर और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि थाना पुलिस नियमित गश्त नहीं करती, जिससे चोरों के हौसले बढ़े हुए हैं।

कोंच क्षेत्राधिकारी परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है और टीमें लगाकर जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी की जाएगी।