हरिद्वार पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह, गुरुवार को तीन अहम कार्यक्रमों में लेंगे भाग

हरिद्वार। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह बुधवार देर शाम हरिद्वार पहुंचे। उनके आगमन पर जूना अखाड़ा महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज ने उनका स्वागत किया और शिष्टाचार भेंट की। गृह मंत्री फिलहाल पतंजलि योगपीठ में विश्राम कर रहे हैं और गुरुवार को जनपद में आयोजित तीन अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।

गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर प्रशासन सतर्क है। शहर के प्रमुख मार्गों, कार्यक्रम स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, गुरुवार सुबह 10 बजे गृह मंत्री अमित शाह पतंजलि योगपीठ, महर्षि दयानंद ग्राम स्थित पतंजलि इमरजेंसी एंड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद सुबह 10:45 बजे वह गायत्री तीर्थ शांतिकुंज पहुंचकर अखंड ज्योति के दर्शन करेंगे।

सुबह 11:15 बजे गृह मंत्री बैरागी द्वीप, कनखल में माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी एवं अखंड दीप शताब्दी वर्ष के अवसर पर गायत्री परिवार द्वारा आयोजित शताब्दी वर्ष समारोह 2026 में शामिल होंगे। इन सभी कार्यक्रमों में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहेंगे।

प्रशासन ने बताया कि गृह मंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।