हरिद्वार: गायत्री विहार कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान के खुले सेफ्टी टैंक से मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

सिडकुल थाना क्षेत्र की गायत्री विहार कॉलोनी में मंगलवार को एक निर्माणाधीन मकान के नीचे खुले सेफ्टी टैंक से सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेजा। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने दी थी कि निर्माणाधीन मकान की दुकान के भीतर खुले पड़े सेफ्टी टैंक में एक शव पड़ा है। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा और एसएसआई देवेंद्र तोमर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पाया गया कि टैंक लगभग छह फीट गहरा है, जिसमें करीब चार फीट पानी भरा हुआ था। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।

शव की स्थिति अत्यधिक खराब थी, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत 10 से 15 दिन पहले हुई होगी। पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच थी और लंबाई करीब पांच फीट बताई जा रही है। मृतक ने सफेद शर्ट, नीली जैकेट और काले रंग की पैंट पहनी हुई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में शव पर किसी बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया यह मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पुलिस का मानना है कि मृतक शराब के नशे में निर्माणाधीन मकान में घुसा और खुले सेफ्टी टैंक में गिरकर उसकी मौत हुई होगी।

थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि हत्या की संभावना को भी पूरी तरह से नकारा नहीं जा सकता है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का खुलासा होगा।