अरुणाचल प्रदेश में देश सेवा के दौरान रुद्रप्रयाग का जवान शहीद, आज सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

अरुणाचल प्रदेश में मातृभूमि की रक्षा करते हुए उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद के वीर सपूत हवलदार रविन्द्र सिंह (36) शहीद हो गए। वे भारतीय सेना की 15 गढ़वाल राइफल्स में तैनात थे और अरुणाचल प्रदेश के अलोंग क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए। उनके शहीद होने की खबर से पूरे जनपद में शोक की लहर दौड़ गई है।

शहीद हवलदार रविन्द्र सिंह मूल रूप से रुद्रप्रयाग जनपद के दशज्यूला क्षेत्र के आगर गांव के निवासी थे। वे अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। इस हृदयविदारक घटना से परिवार गहरे सदमे में है और क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, शहीद जवान का पार्थिव शरीर सोमवार देर रात रुद्रप्रयाग स्थित आर्मी कैंप लाया गया। इसके बाद मंगलवार को सुबह सात बजे सैन्य सम्मान के साथ पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके पैतृक गांव आगर, दशज्यूला ले जाया गया। वहां से रुद्रप्रयाग संगम पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

ग्राम प्रधान आगर चन्द्रकला देवी ने शहीद के बलिदान पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पूरे क्षेत्र ने एक बहादुर सपूत को खो दिया है। सामाजिक कार्यकर्ता पंकज सिंह ने बताया कि रविन्द्र सिंह वर्ष 2008 में 15 गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हुए थे और अपने सरल स्वभाव एवं मधुर व्यवहार के कारण गांव के प्रत्येक व्यक्ति के प्रिय थे। जिला पंचायत सदस्य सारी जयवर्धन कांडपाल सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने शहीद जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।