PM Modi Jordan Visit: अम्मान के हुसैनीया पैलेस में पीएम मोदी का औपचारिक स्वागत, किंग अब्दुल्ला संग द्विपक्षीय सहयोग पर अहम वार्ता

अम्मान। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन देशों के आधिकारिक विदेश दौरे के तहत जॉर्डन की राजधानी अम्मान पहुंचे, जहां उनका औपचारिक और आत्मीय स्वागत किया गया। जॉर्डन के प्रधानमंत्री जाफर हसन ने एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी की। इसके बाद राजधानी स्थित हुसैनीया पैलेस में जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय बिन अल हुसैन ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। भारत और जॉर्डन के बीच कूटनीतिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री की यह यात्रा ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

हुसैनीया पैलेस में आयोजित स्वागत समारोह के दौरान दोनों देशों के संबंधों में बढ़ती मजबूती और आपसी विश्वास की झलक देखने को मिली। इस अवसर पर भारत-जॉर्डन साझेदारी को नई दिशा देने पर सहमति बनी।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा किए दौरे के पल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जॉर्डन यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा करते हुए लिखा, “अम्मान में हुए विशेष स्वागत समारोह की कुछ झलकियां। भारत और जॉर्डन शांति, स्थिरता और वैश्विक भलाई के लिए मिलकर आगे बढ़ते रहेंगे।” पीएम के संदेश ने दोनों देशों के बीच गहराते रणनीतिक और मानवीय संबंधों को रेखांकित किया।

किंग अब्दुल्ला के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत
प्रधानमंत्री मोदी और किंग अब्दुल्ला द्वितीय इब्न अल हुसैन के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की विस्तृत वार्ता हुई। इस दौरान आतंकवाद और उग्रवाद से मुकाबला, क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा, व्यापार, निवेश और राजनीतिक सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। पीएम मोदी ने कहा कि किंग अब्दुल्ला के नेतृत्व में जॉर्डन ने आतंकवाद और कट्टरता के खिलाफ विश्व समुदाय को स्पष्ट और मजबूत संदेश दिया है।

वहीं किंग अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और जॉर्डन के बीच 75 वर्षों के राजनयिक संबंध मित्रता, आपसी सम्मान और सहयोग का प्रतीक हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा दोनों देशों के आर्थिक और रणनीतिक रिश्तों को और मजबूत करेगी।

जॉर्डन दौरे का विस्तृत कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा के दौरान भारत और जॉर्डन के बीच व्यापार, निवेश और राजनीतिक सहयोग को विस्तार देने पर विशेष जोर रहेगा। दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्ष भारत-जॉर्डन व्यापार कार्यक्रम को संबोधित करेंगे, जिसमें दोनों देशों के प्रमुख उद्योगपति और कारोबारी शामिल होंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी जॉर्डन में बसे भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे।

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी युवराज के साथ ऐतिहासिक पेट्रा शहर का भी भ्रमण करेंगे, जिसे भारत और जॉर्डन के बीच प्राचीन व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक माना जाता है।

इथियोपिया और ओमान का भी करेंगे दौरा
जॉर्डन यात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 से 17 दिसंबर तक इथियोपिया के राजकीय दौरे पर रहेंगे। इसके बाद अपने विदेश दौरे के अंतिम चरण में वह 17 से 18 दिसंबर तक ओमान जाएंगे। इन यात्राओं के जरिए भारत अफ्रीका और पश्चिम एशिया क्षेत्र में अपने कूटनीतिक, आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाएगा।