देहरादून। दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में रविवार देर रात उस समय तनावपूर्ण हालात बन गए, जब युवकों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना के दौरान अस्पताल स्टाफ और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों के साथ भी अभद्रता की गई, जिससे आक्रोशित होकर डॉक्टरों ने विरोध स्वरूप इमरजेंसी सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दीं। इस घटनाक्रम से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, पलटन बाजार क्षेत्र में किसी बात को लेकर युवकों के दो गुटों में विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें एक गुट के कई युवक घायल हो गए। घायल युवकों को उनके साथी इलाज के लिए दून अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। इसी बीच दूसरा गुट भी अस्पताल पहुंच गया और वहां भी दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
इमरजेंसी परिसर में दोबारा हुई मारपीट से मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई। स्थिति संभालने के लिए ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ और डॉक्टरों ने हस्तक्षेप किया, लेकिन आरोप है कि युवकों ने उनके साथ बदसलूकी की और हंगामा जारी रखा। इससे नाराज डॉक्टरों ने इमरजेंसी का मुख्य गेट बंद कर दिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ समय तक एंबुलेंस को भी बाहर ही रोका गया, जिससे आपात सेवाएं प्रभावित हुईं।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने की कोशिश की। रात करीब डेढ़ बजे तक अस्पताल परिसर में तनाव बना रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित युवकों की पहचान कर कार्रवाई की बात कही है। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने के बाद इमरजेंसी सेवाएं दोबारा शुरू कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई।
इस घटना ने दून अस्पताल की इमरजेंसी में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने अस्पताल परिसर में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।