मसूरी: दिग्गज लेखक रस्किन बॉन्ड अस्पताल में भर्ती, स्वास्थ्य में सुधार; जल्द मिल सकती है छुट्टी

मसूरी के लैंडौर निवासी और विश्वविख्यात अंग्रेजी लेखक रस्किन बॉन्ड को शनिवार को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते देहरादून के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें पैरों में तकलीफ और चलने-फिरने में दिक्कत हो रही थी, जिसके कारण डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

रस्किन बॉन्ड के पोते राकेश बॉन्ड ने उनकी सेहत को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और वे पूरी तरह खतरे से बाहर हैं। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। डॉक्टरों के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है और यदि सब कुछ सामान्य रहा तो उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, उम्र से जुड़ी सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के कारण एहतियातन उन्हें भर्ती किया गया था। किसी गंभीर बीमारी या खतरे की पुष्टि नहीं हुई है। उनकी तबीयत में सुधार की खबर से उनके प्रशंसकों और साहित्य जगत से जुड़े लोगों ने राहत की सांस ली है।

उल्लेखनीय है कि रस्किन बॉन्ड भारतीय साहित्य के सबसे लोकप्रिय और सम्मानित लेखकों में शुमार हैं। उनकी रचनाएं देश-विदेश में पाठकों के बीच बेहद पसंद की जाती हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर आई इस खबर के बाद सोशल मीडिया पर भी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामनाएं की जा रही हैं।