आवारा पशुओं के आतंक से बढ़ी दुर्घटनाएं


अशोक सरकार

खटीमा


खटीमा रेलवे पार्क के पास राधा रमन धर्मशाला के सामने सड़क पर घूम रहे आवारा पशुओं के आपस में भिड़ंत से रोड के किनारे स्थित एक गरीब परिवार की दुकान बुरी तरह से तहस-नहस हो गई। वहीं दुकानदार सहित आसपास के लोग व राहगीर बाल बाल बचे। गौरतलब है कि खटीमा प्रशासन और नगर पालिका के उदासीन रवैया और लापरवाही के चलते सड़कों पर घूम रहे आवारा किस्म के लड़ाकू जानवरों से शहर में आए दिन लोग दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं तथा दुकानें क्षतिग्रस्त हो रही हैं।

वहीं कुछ दिन पहले भी एक आवारा पशु के आक्रमण से शहर में एक बुजुर्ग भी बुरी तरह से घायल हो गया था। खटीमा प्रशासन तथा नगरपालिका पूरी तरह से मूकदर्शक बना किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है जबकि सड़क पर जाम लगाकर आड़े तिरछे खड़े आवारा पशुओं की आए दिन दुर्घटना में मौतें भी होती रहती है। साथ ही आवारा पशुओं से निजात दिलाने हेतु पूर्व में कई बार आवाजें भी उठी है लेकिन संबंधित विभाग सुध नहीं ले रहा है।

इस मामले में नगर पालिका ईओ मनोज दास ने बताया कि पशुपालन विभाग और हमारे बीच एक समझौता हुआ है कि ग्राम दिया में जो जमीन अलॉट हुई है उसमें गोवंश संरक्षण हेतु पशुपालन विभाग द्वारा एक प्रोजेक्ट भेजा गया है। जिसकी स्वीकृति होने के बाद ही गोवंश संरक्षण हेतु वहां निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि हमारे पास अभी कोई व्यवस्था नहीं है। गौ सदन बनने के बाद ही समस्या का निस्तारण हो पाएगा।