सिसैया खटीमा,
अशोक सरकार
सीमांत क्षेत्र खटीमा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय मेलाघाट सिसैया में 57 वीं वाहिनी एसएसबी के द्वितीय कमान अधिकारी बृजपाल सिंह नेगी के निर्देश पर नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत मानव एवं पशु चिकित्सा तथा कृषि उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया साथ ही एसएसबी के अधिकारियों द्वारा विद्यालय परिसर के बाहर वृक्षारोपण भी किया गया।
शिविर में सीमावर्ती क्षेत्र के सैकड़ों लाभार्थियों को मानव एवं पशु संबंधी निशुल्क दवा का वितरण किया गया साथ ही 30 गरीब किसानों को निशुल्क कृषि उपकरण फावड़ा, खुरपी, दरांती आदि बांटा गया। शिविर का शुभारंभ एसएसबी के उप कमांडेंट सुविन्द्र अंबावत ने किया। वही अंबावत ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र में गरीब लोगों के लिए एसएसबी द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के शिविर लगाए जाते हैं ताकि लोगों को निशुल्क मानव एवं पशु चिकित्सा सेवा का सुगमता से लाभ मिल सके।
वहीं स्थानीय समाजसेवी बलवंत शाही उर्फ गुड्डू ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र में एसएसबी द्वारा समय-समय पर कई तरह के कार्यक्रम चलाए जाते हैं जिससे हम लोगों को काफी लाभ मिलता है। मानव तथा पशुओं हेतु निशुल्क दवाई तथा निशुल्क कृषि उपकरण बांटकर काफी सहयोग किया जाता है।