सितारगंज उधम सिंह नगर
दीपक भारद्वाज
क्षेत्र में विधानसभा चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों व दावेदारों ने जोर आजमाइश शुरू कर दी हैं। जगह-जगह नुक्कड़ सभाओं व जन समस्याओं को उठाने का दौर शुरू हो गया हैं। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी फकीर सिंह कन्याल ने रतन फार्म झाड़ी गांव में जनसभा कर लोगों की समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाने का आश्वासन दिया।
कन्याल ने सभा को सम्बोधित करते हुये स्थानीय लोगों के समस्याओं को सुना। उन्हें बताया गया कि झाड़ी गांव के कई लोगों के राशन कार्ड नहीं बने हुए हैं। वहां अनेक प्रकार की समस्यायें हैं। कन्याल का कहना था कि जो लोग संपन्न हैं उनके अंत्योदय व खाद्य सुरक्षा के राशन कार्ड बने हैं। जबकि गरीब व झोपड़ी में रहने वालों के गरीबी रेखा से उपर के कार्ड हैं। उनका कहना था कि इस असमानता को समाप्त करने के लिए वह संघर्ष करेंगे। उन्होंने अपने समर्थकों से झाड़ी गांव की जनता की सभी समस्याओं को सुनने व उनके निराकरण का उपाय करने को कहा।
राज्य आंदोलनकारी कन्याल का कहना था कि गरीबों को इंदिरा आवास तक नहीं मिल रहे। जो आवंटित भी किये गये है वह भी अपात्रों को मिले हैं। उन्होंने सिडकुल की कंपनियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार के मामले में भी संघर्ष करने की बात कही। कन्याल ने कहा कि वह नेता बाद में हैं। पहले जनता के परिवार के सदस्य हैं। अन्य वक्ताओं ने 2022 में पूर्ण बहुमत से कन्याल को जिताने की बात कही