अशोक सरकार
खटीमा
एचएनबी महाविद्यालय में महाविद्यालय को कैंपस घोषित किए जाने सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर छात्र नेता दीपक मुण्डेला का महाविद्यालय गेट पर 16 अगस्त से आमरण अनशन जारी है। प्रशासन तमाम कोशिशों के बावजूद भी मनाने में असफल रहा। इधर कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष भुवन कापड़ी ने भी अपने कार्यकर्ताओं सहित छात्रों का समर्थन किया है। वहीं बृहस्पतिवार को पुलिस प्रशासन द्वारा अनशन कारी छात्र को जबरन उठाकर नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया जिसको लेकर छात्रों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
इसी को लेकर बृहस्पतिवार को देर शाम पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष नीरज कन्याल के नेतृत्व में सभी छात्रों तथा भुवन कापड़ी व कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित महाविद्यालय से मुख्य चौक होते हुए भाजपा के कैंप कार्यालय तक नारेबाजी करते हुए कैंडल मार्च निकाला और विरोध प्रदर्शन किया।
वहीं अनशन कारी छात्र के पिता पूर्व कांग्रेस प्रदेश सचिव गणेश मंडेला ने भी यह अनशन महाविद्यालय हित में बताते हुए अपने बेटे का समर्थन किया है। वहीं इस संबंध में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष नीरज कन्याल ने बताया कि 16 अगस्त से छात्र नेता दीपक मुण्डेला अन्न और जल त्याग कर आमरण अनशन पर है |
लेकिन बीजेपी सरकार का कोई भी नुमाइंदा अभी तक दीपक की मांग को सुनने नहीं आया और ना ही हाल चाल जानना चाहा, बल्कि पुलिस प्रशासन द्वारा जोर जबस्ती कर अनशन स्थल से उठवा लिया गया। इसी आक्रोश में हमने आज कैंडल मार्च निकाला है। उन्होंने बताया कि मांग पूरी ना होने तक हमारा अनशन जारी रहेगा।