हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस


खटीमा जनपद उधम सिंह नगर
अशोक सरकार

उधम सिंह नगर जनपद में खटीमा के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वतंत्रता दिवस की 75 वीं वर्षगांठ हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाई गई। स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर कोतवाली, थाना, सीमा पर स्थित एसएसबी कैंपों, औद्योगिक संस्थानों, आबकारी विभाग, तहसील, विकासखंड सहित क्षेत्र के विभिन्न सरकारी, गैर सरकारी संस्थानों, प्रतिष्ठानों व स्कूलों में झंडारोहण किया गया तथा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले व योगदान करने वाले क्रांतिकारियों शहीदों को नमन करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया।

वहीं विभिन्न संस्थानों के प्रमुखों द्वारा झंडारोहण के साथ देश की एकता अखंडता और सुरक्षा हेतु संकल्प लेते हुए देश के गौरव और सम्मान को उच्च शिखर पर स्थापित करने के लिए संकल्प लेते हुए लोगों को देशभक्ति की भावना से प्रेरित किया गया। साथ ही जाति, धर्म, संप्रदाय, वर्ग क्षेत्रवाद व भाषावाद से ऊपर उठकर देश व समाज की सेवा करने हेतु भी अपील किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर खटीमा सीओ मनोज ठाकुर ने बताया कि 15 अगस्त हमारा राष्ट्रीय त्योहार है। पुलिस के साथ-साथ इसमें सभी विभाग बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हैं। अलग अलग तरीके से सजावट वह कार्यक्रम करके यह त्यौहार मनाया जाता है । उन्होंने इस अवसर पर जनता, पुलिसकर्मियों व अन्य विभागों के कर्मचारियों को स्वतंत्र रूप से अपने विचार व्यक्त करने तथा काम करने का संदेश दिया। नशे के संबंध में उन्होंने बताया कि नशा करने वालों में सुधार हो अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी । हमारा प्रयास रहता है कि जो युवा नशे की गिरफ्त में है उनमें सुधार हो अन्यथा नशे के नेटवर्क के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।