मेलाघाट बाजार, खटीमा
अशोक सरकार
खटीमा तहसील के अंतर्गत सीमांत क्षेत्र मेलाघाट बाजार में स्थित एक दुकान में बुधवार की रात लगभग 9:00 बजे आग लगने से मेलाघाट बाजार में हड़कंप मच गया साथ ही लाखों का सामान जलकर राख हो गया। मेलाघाट बाजार में स्थित दिनेश कुमार पुत्र मिश्री प्रसाद की दुकान में बुधवार रात लगभग 9:00 बजे आग लगने से पूरी दुकान जलकर राख हो गई।
दिनेश कुमार रोजाना की तरह दुकान बंद कर अपने घर चला गया थोड़ी देर बाद आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं निकलने की सूचना दी । जिस पर दुकान स्वामी मौके पर पहुंचकर शटर खोला तो पूरी दुकान धू-धू करके जल रही थी । आसपास के लोगों ने आग बुझाने और सामान बचाने हेतु काफी प्रयास किया लेकिन कुछ भी बचाया नहीं जा सका।
बताया जा रहा है कि दुकान में आग शार्ट सर्किट होने की वजह से लगी थी। दुकान स्वामी के अनुसार त्योहारी सीजन के चलते दुकान में जूते, चप्पल, कॉस्मेटिक आइटम्स, गिफ्ट आइटम्स, राखी व जनरल आइटम्स सहित काफी सामान भरा हुआ था । बुधवार को ही लगभग 50 हजार का सामान खरीद कर दुकान को सजाया था पूरा जलकर राख हो गया पीड़ित के अनुसार लगभग साढ़े नौ लाख का नुकसान हुआ है।
मौके पर दमकल पहुंचने से पहले ही आग बुझ चुकी थी तथा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची सीएम पत्नी गीता धामी, तहसीलदार यूसुफ अली, संबंधित लेखपाल तथा कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी ने स्थिति का जायजा लिया । वहीं गीता धामी ने पीड़ित को नियमानुसार हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। तथा तहसीलदार युसूफ अली ने भी मानकों के अनुसार आर्थिक सहायता नियमानुसार देने की बात कही।