पाव की देवी पट्टी दोगी विकास संघर्ष समिति की बैठक में क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा

नरेंद्रनगर।

इंटरमीडिएट कॉलेज पाव की देवी प्रांगण में आयोजित पट्टी दोगी संघर्ष समिति की बैठक में क्षेत्र के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को पत्र लिखने और तय समय सीमा के अंतर्गत समस्याओं के निराकरण के लिए ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया है।
यह भी निर्णय लिया गया है कि ज्ञापन सौंपने और उसमें समस्याओं के निदान के लिए दी गई समय सीमा के अंतर्गत समस्याओं का निदान ना हुआ तो दोगी क्षेत्र में आंदोलन का बिगुल बजा दिया जाएगा।
इस मौके पर संघर्ष समिति के वरिष्ठ नेता जगदीश कुलियाल ने कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ का मुख्य सार जाति,धर्म, क्षेत्र,पार्टी,भाई-भतीजा सहित तमाम वादों से ऊपर उठकर क्षेत्र की समस्याओं के निदान के लिए एकजुटता से कार्य करने का संकल्प लिया गया।
कार्यकारिणी के गठन में यशवंत सिंह राणा को अध्यक्ष,विकास चंद्र रयाल को महासचिव तथा बलबीर सिंह कबसूड़ी को कोषाध्यक्ष चयनित किया गया।
इसके अलावा बने सिंह जेठुडी़ को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सूरत सिंह पुंडीर,रामदयाल सिंह पुंडीर को उपाध्यक्ष, राजेश कबसूड़ी सचिव तथा उपेंद्र राणा,विपिन चौहान-सह सचिव चुने गये,जबकि विमला देवी रयाल को संयुक्त सचिव तथा गौतम कबसूड़ी,रघुवीर सिंह पुंडीर को प्रचार सचिव, सरदार सिंह पुंडीर को विधिक सलाहकार, वाचस्पति रयाल को संयोजक, जगदीश कुलियाल को मुख्य सलाहकार, शिव शंकर रयाल व सुमेद सिंह को समिति का प्रवक्ता व संजय दत्त रयाल को लेखा परीक्षक चुना गया है।
इसके अलावा संरक्षक मंडल में-सुरेंद्र सिंह कैंतुरा,पूर्व प्रमुख गुणानंद कुलियाल, दयाल सिंह चौहान तथा शूरवीर सिंह कबसूड़ी को लिया गया है।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष यशवंत सिंह राणा की अध्यक्षता व महासचिव विकास चंद्र रयाल के संचालन में चली बैठक में वक्ताओं ने इस बात पर गहरा रोष प्रकट किया है कि पट्टी दोगी क्षेत्र दूरसंचार सेवा नेटवर्क, विद्युत,शिक्षा,स्वास्थ्य, यातायात जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझता आ रहा है।
इन तमाम उक्त समस्याओं से निजात पाने के उद्देश्य से शासन-प्रशासन को जगाने हेतु विगत दिनों पट्टी दोगी क्षेत्र के युवाओं ने केंद्रीय स्थल गूलर घाटी में क्रमिक धरना-प्रदर्शन शुरू किया था।
एक दूसरे के सुर में सुर मिलाते हुए सभी वक्ताओं का कहना था कि क्षेत्रीय समस्याओं के निदान को लेकर समस्त दोगी पट्टी के लोगों को साथ लेकर चलने के उद्देश्य से पट्टी स्तर पर संघर्ष समिति का निर्माण का उद्देश्य एकजुटता के साथ तमाम समस्याओं का निदान करना है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि क्षेत्र की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन संबंधित विभागों को प्रेषित किए जाएं और तय समय सीमा के अंतर्गत यदि समस्याओं का निराकरण नहीं किया जाता तो संघर्ष समिति की अग्रिम होने वाली बैठक में आंदोलन का ऐलान किया जाएगा।