खटीमा जनपद उधम सिंह नगर
अशोक सरकार
खटीमा तहसील क्षेत्र के अंतर्गत स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों में इन दिनों सरकार की तरफ से दिये जाने वाले पुष्टाहार की घटतोली तथा गुणवत्ता को लेकर काफी गरमा गर्मी चल रही है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले जनप्रतिनिधियों तथा लाभार्थियों द्वारा आरोप लगाया गया था कि यह गोरखधंधा वर्ष 2019 से अनवरत चल रहा है। इसी को लेकर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई हेतु एक ज्ञापन तहसीलदार को दिया गया था लेकिन आज भी खटीमा वार्ड नंबर 13 की आंगनवाड़ी केंद्र में स्थानीय लाभार्थियों और जनप्रतिनिधियों ने घटतोली और घटिया गुणवत्ता का मामला पकड़ा ।
जिसको लेकर एसडीएम और तहसीलदार से वार्ता करते समय प्रतिनिधियों के साथ काफी नोकझोंक हुई । मीडिया से रूबरू एक आंगनवाड़ी कार्यकत्री ने बताया कि उक्त सामान हम लोग गुप्ता किराना स्टोर खटीमा से खरीदते हैं । वहीं इस मामले में समाजसेवी बाबा नंद लाल गिरी ने बताया कि खटीमा वार्ड नंबर 13 आंगनवाड़ी केंद्र का मामला है । उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्र में घटतोली का मामला पाया गया। चना , दाल, दलिया आदि सामानों के पैक में सौ से डेढ़ सौ ग्राम की कमी पाई गई । उन्होंने बताया कि मामला एसडीएम तहसीलदार के संज्ञान में लाने पर उन्होंने अभद्र व्यवहार किया ।
वहीं खटीमा तहसीलदार युसूफ अली ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र में कुछ गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर सामान सीज कर संबंधित सुपरवाइजर को सुपुर्द कर दिया गया है , जो भी उचित कार्रवाई होगी की जाएगी।