उतरकाशी डीएम ने जनता मिलन कार्यक्रम में मिली शिकायतों का मौके पर ही किया निस्तारण, अधिकारियों को भी किया निर्देशित


मनमोहन भट्ट, उतरकाशी

शासन के निर्देशानुसार सुशासन के दृष्टिगत जन संवाद तथा जन समस्याओं के समाधान की व्यवस्थाओं के सुदृड़ किए जाने को लेकर जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित ने बुधवार को प्रातः 10 बजे से अपने कार्यालय कक्ष में जनसामान्य की समस्याएं/शिकायतें सुनीं। जनता मिलन कार्यक्रम में सिंचाई नहर, प्रधानमंत्री आवास, पेयजल स्वरोजगार,सड़क, पानी,बिजली, खाद्यान्न, सुरक्षा दिवार लगाने से संबंधित कुल 54 समस्याएं/शिकायतें दर्ज हुयी। जिलाधिकारी द्वारा अधिकांश शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जो समस्याएं विभागों से संबंधित रही उन्हें विभागीय अधिकारियों को हस्तांतरित की गई एंव एक सप्ताह के भीतर तीव्र गति के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि बीते दो दिन जिलाधिकारी ने 102 फरियादियों की समस्याएं सुनीं व मौके पर अधिकांश समस्याओं का निस्तारण किया गया।


डीएम ने जनपद स्तरीय, तहसील एंव विकास खण्ड स्तरीय कार्यालयों के प्रमुख/कार्यालयाध्यक्षों को अपने कार्यालय में प्रति दिन 10 से 12 बजे तक आमजन की समस्याओं को सुनने व उनका त्वरित गति से निस्तारण करने के आदेश जारी किए हैं। निर्धारित समय तक जनता से मिलने हेतु अनिवार्य रूप से सुलभ रहने के निर्देश दिए हैं। उक्त समयावधि की पट्टिका भी कार्यालय के बाहर प्रदर्शित करने के साथ ही तय समय के दौरान कोई भी बैठक नियत नहीं करने के निर्देश दिए हैं। यदि अपरिहार्य कारणों से किसी दिवस समयावधि में व्यक्तिगत उपलब्धता सम्भव न हो तो जनसंपर्क हेतु किसी अन्य सक्षम प्राधिकारी की वैकल्पिक उपलब्धता अग्रिम रूप से करने के निर्देश दिए है।