खटीमा जनपद ऊधम सिंह नगर
अशोक सरकार
खटीमा क्षेत्र में नशे के बढ़ते हुए कारोबार और नशेड़ियों पर अंकुश लगाने हेतु क्षेत्र के प्रतिनिधियों तथा महिलाओं ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए थाना प्रभारी खटीमा को एक ज्ञापन सौंपा। गौरतलब है कि पुलिस प्रशासन द्वारा नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्यवाही की जाती रही है किंतु नशे का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में आज खटीमा शहर वासियों ने थाना प्रभारी को एक ज्ञापन सौंपा।
बताते चलें कि नशेड़ियों तथा नशा कारोबारियों ने सामाजिक और धार्मिक स्थलों को अड्डा बनाकर क्षेत्र का माहौल दूषित कर रखा है। जिससे युवा पीढ़ी तथा पढ़ने वाले बच्चे काफी प्रभावित हो रहे हैं और लोगों के घर बर्बाद हो रहे हैं। शहरवासियों ने चेतावनी दिया है कि अगर खटीमा क्षेत्र नशा मुक्त नहीं किया गया तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
वहीं इस मामले में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नगर अध्यक्ष नईम अंसारी ने बताया कि खटीमा को नशा मुक्त शहर बनाना है। नशा करने वाले अपने घर वालों को प्रताड़ित कर रहे हैं । खटीमा क्षेत्र नशे की गिरफ्त में हैं । प्रशासन द्वारा काफी हद तक रोक लगाया गया है लेकिन नशा कारोबारियों द्वारा अपना अड्डा बदल दिया गया है । उन्होंने बताया कि खटीमा पुलिस द्वारा आश्वासन दिया गया है कि खटीमा को पूरी तरह नशा मुक्त बनाएंगे।
वहीं भाजपा अनुसूचित जाति के महामंत्री गौरव सोनकर ने बताया कि स्थानीय प्रशासन द्वारा नशे पर काफी हद तक अंकुश लगाया गया है लेकिन अब नशा पान करने वाले और कारोबारियों ने धार्मिक स्थलों को अपना अड्डा बना दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा आश्वासन दिया गया है कि जांच करने के बाद जो दोषी होगा उनको जेल भेजा जाए।