26 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद थराली- देवाल मोटर मार्ग खुला, ग्वालदम -नन्दकेशरी मोटर मार्ग अभी भी बंद

सुभाष पिमोली

थराली

कड़ी मशक्त एवं 2 जेसीबी मशीनों की मदद से लोनिवि थराली ने 26 घंटों के बाद बंद पड़ी थराली-देवाल-मंदोली मोटर सड़क को यातायात के लिए खोल दिया हैं।जिस पर देवाल एवं थराली ब्लाकों की जनता ने राहत की सांस ली हैं। उधर ग्वालदम नंदकेशरी मोटर सड़क 7 वें दिन भी यातायात के लिए नही खुल पाया हैं।

रविवार को थराली-देवाल-मंदोली मोटर सड़क रविवार की दोपहर करीब 11 बजे बनरढ़ोन के पास किमी 3 में भारी मात्रा में मलुवा,पत्थर, बोल्डरों आने के कारण सड़क यातायात के लिए बंद हो गई थी। इस दौरान रूक-रूक कर पहाड़ी से मलुवा, पत्थरों के गिरने के कारण जेसीबी मशीनों के आपरेटरो को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। यहां लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता सतवीर सिंह यादव ने बताया कि दो जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क को दोपहर करीब पौने दो बजें यातायात के लिए खोल दिया है।

बताया कि और मलुवा गिरने की संभावना को देखते हुए एक मशीन यही पर तैनात रखी गई हैं।इस सड़क के यातायात के लिए खुल जाने से क्षेत्रीय जनता ने राहत की सांस ली हैं। उधर ग्वालदम-नंदकेशरी मोटर सड़क 7 वें दिन भी यातायात के लिए नही खुल पाया है। लोनिवि थराली के ईई सतवीर सिंह यादव के अनुसार सड़क किमी 3 एवं 7 में बंद पड़ी हुई हैं। यहां पर 3 जेसीबी मशीनें मार्ग को खोलने में लगाई गई हैं। किंतु किमी 3 में पहाड़ी से रुक-रूक कर मलुवा, पत्थरों, बोल्डरों के गिरने के कारण मशीनों को काम करने में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने मंगलवार तक सड़क के यातायात के लिए खुलने की आशा जताई हैं।