ऑक्सीजन प्लांट का किया कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने लोकार्पण


मसूरी

उपजिला चिकित्सालय मसूरी में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने द दून स्कूल ओल्ड बॉयज सोसाइटी के सौजन्य से निर्मित 500 एलपीएम ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण किया | इस अवसर पर काबीना मंत्री ने चिकित्सकों को आस्वश्त किया कि मसूरी में किसी भी प्रकार की चिकित्सा उपकरणों की कमी नहीं होने दी जाएगी, साथ ही अस्पताल को हर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा |


पार्किंग निर्माण में धीमी गति को लेकर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में उच्च अधिकारियों के साथ वार्ता कर शीघ्र निर्माण के बारे में कहा है और अधिकारियों द्वारा उन्हें अवगत कराया गया है, कि 3 माह के भीतर पार्किंग जनता को समर्पित कर दी जाएगी | साथ ही लगातार हो रही बारिश से ⁰जगह-जगह पर भूस्खलन होने पर उन्होंने कहा कि मसूरी देहरादून मार्ग पर हो रहे भूस्खलन वाले क्षेत्रों में लगातार विभागीय अधिकारी निगरानी कर रहे हैं और जेसीबी मशीनों द्वारा मलवा साफ किया जा रहा है |

ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार तीसरी लहर से बचने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है, इसी कड़ी में आज मसूरी में ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण किया गया है | उन्होंने बताया कि मसूरी में ऑक्सीजन प्लांट लगने से यहां के लोगों की समस्याओं का समाधान हुआ है | उन्होंने बताया कि उप जिला चिकित्सालय को हर आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी और तीसरी लहर को लेकर सरकार लगातार चिकित्सा सुविधा बढ़ाने का काम कर रही है |

इस अवसर पर सीएमएस डॉ यतेंद्र सिंह ने कहा कि ऑक्सीजन प्लांट लगने से मसूरी में ऑक्सीजन की किल्लत नहीं होगी और यदि किसी प्रकार से ऑक्सीजन की कमी होती है तो ऑक्सीजन सिलेंडरों की भी पूरी व्यवस्था की गई है उन्होंने कहा कि इस समय अस्पताल में सभी चिकित्सक मौजूद है और शीघ्र ही ओटी का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा उन्होंने कहा कि इस समय स्टाफ की कमी है जिसके लिए डीजीपी हेल्थ को अवगत करा दिया गया है और उन्होंने आश्वस्त किया है कि जल्द ही उप जिला चिकित्सालय में स्टाफ की कमी को दूर किया जाएगा |