सुभाष पिमोली
थराली
चमोली जनपद के पहाड़ी क्षेत्रों में सात साल सेवा देने के बाद एक ईमानदार व कर्तब्य निष्ठ अधिकारी तहसीलदार सोहन सिंह रांगड का आज कर्णप्रयाग से देहरादून के लिए स्थानान्तरण हो गया है । निवर्तमान तहसीलदार सोहन सिंह रांगड पूरे जनपद ने एक ईमानदार , होनहार और कर्तब्य निष्ठ अधिकारी के रूप में जाने जाते है ।
उनकी विदाई के मौके पर कर्णप्रयाग तहसील में बिदाई समारोह का आयोजन किया गया | इस अवसर पर कर्णप्रयाग नगर के गणमान्य लोगो सहित, बार संघ के अधिवक्ता और पत्रकारो व विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में शिरकत की | कर्णप्रयाग तहसील के कर्मचारियों ने फूल मालाओं के साथ उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट कर उन्हें बिदाई दी |
अपने सीनियर अधिकारी की विदाई समारोह के मौके पर चमोली जिले के राजस्व उपनिरीक्षक संघ के जिलाध्यक्ष देवेन्द्र कण्डारी ने कहा कि तसीलदार महोदय के साथ कार्य करते हुए हमे बहुत कुछ सीखने का मौका मिला | हम सदैव आपके मार्गदर्शन में कार्य करते रहेंगे ।
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार जितेन्द्र पंवार ने कहा कि तहसीलदार सोहन सिंह रांगड ने बिना किसी राजनैतिक दबाव के अपने उच्च अधिकारियों के आदेशों का पालन करते हुए जनता का कार्य हमेशा प्राथमिकता से किया । चमोली जिले की 9 तहसीलो का कार्यभार होने के वावजूद आपने मीडिया का भी पूरा सहयोग किया है । पर्वतीय पत्रकार संघ की ओर से पत्रकार जितेन्द्र पंवार ने उन्हें स्मृति चिह्नन भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की |
उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग वैभव गुप्ता ने कहा कि बतौर तहसीलदार सोहन सिंह रांगड जी का कार्यकाल अत्यन्त सराहनीय रहा है । जनता की समस्याओं का निराकरण करना रांगड जी की प्राथमिकता रही है । यही कारण रहा है कि आपको जिला स्तर पर उत्कृष्ट कार्यो के लिए सम्मानित भी किया गया |
कार्यक्रम के अंत मे तहसीलदार सोहन सिंह रांगड ने कहा कि जनता के प्यार और सहयोग से सात साल पहाड़ो में कब गुजर गये पता भी नही चला | मैंने जो कुछ भी अच्छा किया वह जनता के सहयोग से ही हो पाया है । अपने जूनियर अधिकारियों व कर्मचारियों को उन्होंने कहा कि अपने सीनियर अधिकारियों के आदेशों का पालन करना व जनता के प्रति जबाब देही पहली प्राथमिकता होनी चाहिए । उन्होंने कहा कि आज मैं चमोली जिले से देहरादून के लिए भले ही स्थानांतरित हो रहा हूँ लेकिन चमोली की जनता के प्रति स्नेह आजीवन बना रहेगा , इतना कहते कहते उनकी आंखें नम हो गयी। नम आंखों से उन्होंने वहां मौजूद सभी लोगो का धन्यवाद व आभार प्रकट किया।