नई दिल्ली, एएनआइ।
गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को अब तक 47.48 करोड़ से अधिक वैक्सीन खुराक दी जा चुकी हैं। 53 लाख से अधिक (53,05,260) खुराक अभी दी जानी बाकी हैं, जो आने वाले समय में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को वैक्सीन की यह खुराकें दी जाएगी।
देश में कोरोना के खिलाफ तेजी से टीकाकरण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। केंद्र सरकार राज्यों को वैक्सीन पहुंचाने में हर संभव मदद कर रही है।
मंत्रालय ने कहा कि लगभग 2,88,55,050 कोरोना की वैक्सीन खुराक अभी भी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों और निजी अस्पतालों के पास उपलब्ध हैं जिन्हें लगाया जाना बाकी है।
कोरोना टीकाकरण का नया चरण 21 जून को शुरू हुआ था। कोरोना टीकाकरण अभियान के नए चरण में केंद्र सरकार देश में वैक्सीन निर्माताओं द्वारा उत्पादित किए जा रहे टीकों का 75 फीसद राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को मुफ्त में खरीद और आपूर्ति कर रही है।
अधिक टीकों की उपलब्धता के माध्यम से टीकाकरण अभियान को तेज किया गया है। केंद्र सरकार राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को मुफ्त में कोरोना टीके उपलब्ध करा रही हैं।