अभी कुछ ही समय पहले कांग्रेस हाईकमान ने उत्तराखंड में कांग्रेस की जीत के लिए और कांग्रेस को वापस सत्ता में लाने के लिए नई टीम तैयार के साथ ही टीम में शामिल नामों का ऐलान किया गया। जहां एक ओर पार्टी मिलजुल कर चलने और 2022 में वापस सत्ता मे आने का दम भर रही है। वहीं दूसरी ओर दो दिग्गज नेताओं के समर्थकों के बीच गुटबाजी खुलकर सामने आ रही है। यहां बात कर रहे हैं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नए नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह की। जिनके समर्थक बीते कल कांग्रेस भवन के बाहर आपस में ही भिड़ गए और वो भी नारेबाजी को लेकर।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह के समर्थकों में मंगलवार को कांग्रेस भवन के गेट पर नारेबाजी को लेकर खूब लात-घूंसे चले। असल में हुआ ये की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे प्रीतम सिंह को उनके समर्थक और युवा कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी अपने कंधो पर उठाकर राजपुर रोड स्थित कांग्रेस भवन की तरह नारेबाजी करते हुए चलें आ रहे थे। ठीक उसी वक्त कांग्रेस भवन के गेट के बाहर युवा कांग्रेस हरिद्वार ग्रामीण के पदाधिकारियों ने हरीश रावत जिंदाबाद के नारे लगाना शुरू कर दिए।
प्रीतम सिंह के समर्थक पार्टी कार्यालय के गेट के पास आए तो हरीश रावत के समर्थक भी उनके बीच में घुसकर नारेबाजी करने लगे। जो प्रीतम सिंह के समर्थकों को बिल्कुल नागवार गुजरा। उन्होंने युवा कांग्रेस हरिद्वार ग्रामीण के प्रदेश महामंत्री परवेज आलम और उनके एक दर्जन समर्थकों को पीट दिया। पुलिस ने बीच बचाव कराया तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ। इसके बाद प्रीतम सिंह मंच पर आ गए। युवा कांग्रेस नेता विनीत कुमार बंटू और रोबिन त्यागी ने बताया कि कुछ कार्यकर्त्ता जबरन बीच में घुसकर नारेबाजी कर रहे थे। मना करने पर वह और जोर से नारेबाजी करने लगे। जिसके चलते हाथापाई की नौबत आई और झड़प हुई। युवा कांग्रेस में अनुशासन तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।