एसएसबी ने किया वृहद स्तर पर विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण

सितारगंज/खटीमा
अशोक सरकार

57 वीं बटालियन एसएसबी के कार्यवाहक कमांडेंट बीपीएस नेगी के निर्देशानुसार तथा एसएसबी डी-कंपनी नारायण नगर के प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह भंडारी के नेतृत्व में डी-कंपनी नारायण नगर के परिसर में तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय खेलड़िया बाईस पुल के परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर वृहद स्तर पर विभिन्न प्रजाति के 580 बाल पौधों का रोपण जवानों तथा स्थानीय ग्रामीणों की मदद से किया गया।
वहीं सितारगंज एसएसबी कार्मिकों के परिवार के सदस्यों द्वारा संदिक्षा संगोष्ठी आयोजित कर पौधारोपण में सहयोग करने का निर्णय लेते हुए एसएसबी सितारगंज मुख्यालय में भी ग्रामीणों तथा जवानों के सहयोग से विभिन्न प्रजाति के पौधों का वृहद स्तर पर रोपण किया गया।

गौरतलब है कि पर्यावरण को शुद्ध, स्वच्छ, सुरक्षित एवं संरक्षित रखने हेतु मानसून सत्र शुरू होते ही बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण का कार्य एसएसबी द्वारा सीमांत क्षेत्र में शुरू कर दिया गया था। इसी क्रम में आज वृक्षारोपण का कार्य किया गया। वहीं ग्राम प्रधान राजेश यादव ने बताया कि आज सीमांत क्षेत्र में एसएसबी डी-कंपनी नारायण नगर द्वारा विभिन्न प्रजाति के पौधों का वृक्षारोपण किया गया। एसएसबी द्वारा समय समय पर सीमांत क्षेत्र में इस तरह के तमाम कार्यों को किया जाता है।


वहीं एसएसबी के कार्यवाहक कमांडेंट बीपीएस नेगी ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार चंपावत तथा उधम सिंह नगर के सीमांत क्षेत्रों में आज जवानों, प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की मदद से विभिन्न प्रजाति के पौधों का वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। उन्होंने बताया कि आक्सीजन की आवश्यकता तथा पर्यावरण शुद्धता और स्वच्छता के मद्देनजर वृक्षारोपण करना अति आवश्यक है।