कमल कोरंगा
बागेश्वर
आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बागेश्वर इकाई द्वारा कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल द्वारा हाल ही में घोषित किए गए परिणामों में त्रुटि एवं अनियमितताओं के संबंध में कुलपति कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल को प्राचार्य राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बागेश्वर के माध्यम से एक ज्ञापन भेजा गया ।
जैसा कि विगत कुछ दिनों पूर्व बीए एवं बीएससी पंचम सेमेस्टर का परिणाम घोषित हुआ था जिसमें की अधिकांश छात्र छात्राओं के मूल्यांकन में विभिन्न त्रुटियां पाई गई है । छात्र छात्राओं के उम्मीद के मुताबिक कम अंक दिए गए हैं । छात्र छात्राओं के परिणाम में विषयों में शून्य,एक,दो इस प्रकार के अंक दिए गए हैं l विभिन्न छात्र छात्राओं का परीक्षा फल घोषित होने के बावजूद भी अभी तक वेबसाइट में नहीं दिखाई दे रहा है l
विश्वविद्यालय प्रशासन की छात्रों के प्रति यह अनदेखी एवं सौतेले व्यवहार के प्रति अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने रोष व्यक्त करते हुए इसे विश्वविद्यालय की संवेदनहीनता बताया । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने मांग की कि जिन छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणाम में किसी विषय में 0 अंक हैं l उनकी उत्तर पुस्तिका का पूर्ण मूल्यांकन किया जाए, एवं जिन छात्रों का परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय की साइट पर प्रदर्शित नहीं हो रहा है उन्हें जल्द से जल्द घोषित किया जाए l
स्नातक स्तर पर चल रहे वार्षिक पद्धति के द्वितीय वर्ष के छात्र छात्राओं के परीक्षाओं के संबंध में विश्वविद्यालय द्वारा शीघ्र उचित निर्णय लिया जाए ,एवं जिन छात्र-छात्राओं के प्रश्न पत्र में 10 से कम अंक हैं उनकी उत्तर पुस्तिका की पुनः जांच की जाए ।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि जब से महाविद्यालय सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के अंतर्गत आया है एवं कुमाऊं यूनिवर्सिटी से पृथक हुआ है तो विश्वविद्यालय द्वारा छात्र छात्राओं के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है एवं छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है ।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मांग की है कि 5 दिन के भीतर उक्त बिंदुओं पर उचित निर्णय लिया जाए अन्यथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद 5 दिनों के उपरांत विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन स्थित कार्यालय का घेराव वह अनिश्चितकालीन आंदोलन के लिए बाध्य होगी जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन एवं कुलपति महोदय की होगी यहां ज्ञापन देने वालों में जिला संयोजक सौरभ जोशी, हिमांशु जोशी, राजेंद्र दानू ,भूपेंद्र दानू ,दीप्ति धौनी,आशीष कुमार,हरेन्द्र दानू, भास्कर पाठक, रोहित, दीपक टाकुली, मनोज सिंह ,एवं अभिषेक धामी मौजूद रहे ।