उत्तराखंड रोडवेज मृतक आश्रित संगठन की बैठक में सीएम को ज्ञापन देने हेतु लिया गया निर्णय

अशोक सरकार

टनकपुर

आज उत्तराखंड रोडवेज मृतक आश्रित संगठन की हुई बैठक में नवनियुक्त मुख्यमंत्री माननीय पुष्कर सिंह धामी का स्वागत करते हुए मृतक आश्रितों की शीघ्र नियुक्ति के संबंध में एक ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। बैठक में तय किया गया, कि भुखमरी के कगार पर पहुंचे मृतक आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर उत्तराखंड परिवहन निगम मे समायोजन संबंधी मांगों को लेकर ज्ञापन द्वारा सीएम को अवगत कराया जाएगा साथ ही मांग पूरी ना होने पर आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।

गौरतलब है कि उत्तराखंड रोडवेज मृतक आश्रित संगठन लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन करते हुए संघर्षरत हैं परंतु अभी तक सरकार द्वारा इनकी मांगों को संज्ञान में नहीं लिया गया।


वहीं इस संबंध में संगठन के संरक्षक गंगा गिरी गोस्वामी ने बताया कि उत्तराखंड रोडवेज मृतक आश्रित संगठन लंबे समय से अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रहा है । कई बार ज्ञापन और धरना प्रदर्शन भी किया गया लेकिन सरकार द्वारा अभी तक नहीं सुना गया है।

वहीं माननीय पुष्कर सिंह धामी के सीएम बनने से काफी आस जगी है कि हमारी समस्या का समाधान शीघ्र होगा। इसी क्रम में आज बैठक करके तय किया गया कि नवनियुक्त सीएम को खटीमा पहुंचने पर उनका स्वागत करते हुए अनुकंपा के आधार पर शीघ्र नियुक्ति देने हेतु एक मांग पत्र सौंपा जाएगा।