तीन कृषि कानूनों के खिलाफ बीते सात महीनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे किसान गुरुवार से प्रतिदिन जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे और अपनी मांगें रखेंगे। इसका एलान उन्होंने पहले ही कर दिया था।
प्रदर्शन के लिए प्रतिदिन सिंघू बॉर्डर से 200 किसान जंतर-मंतर जाएंगे। आज से शुरू होने वाले इस विरोध प्रदर्शन के लिए सोनीपत से 200 किसानों का समूह रवाना हो चुका है। इसके मद्देनजर आज सुबह से ही जंतर-मंतर पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
सोनीपत से रवाना होने से पहले किसान नेता मंजीत सिंह राय ने बताया कि 200 किसान संसद के आगे कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन के लिए जा रहे हैं।
जंतर मंतर पर हमारी बसें रुकेंगी और वहां से हम पैदल जाएंगे। जहां पर भी हमें पुलिस रोकेगी वहीं हम अपनी संसद लगाएंगे। जिन किसानों के आईकार्ड बन गए हैं वे आगे जाएंगे।