हाईवे पर मलबा आने से आवागमन हुआ ठप

टनकपुर जिला चंपावत
अशोक सरकार

पिछले कई दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश के चलते मैदानी क्षेत्रों के साथ साथ पहाड़ी क्षेत्रों मे भी भारी तबाही का असर देखने को मिल रहा है। लगातार भारी बारिश से पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और पहाड़ दरकने से हाईवे और अन्य रास्ते अवरुद्ध होने की खबरें आ रही हैं।

इधर टनकपुर चंपावत के मध्य चल्थी के पास मलबा आने से हाईवे पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है। प्रशासन द्वारा जेसीबी मशीनों आदि की मदद से मलवा हटाने का कार्य जारी है।

इस मामले में टनकपुर सीओ अविनाश वर्मा ने बताया कि लगातार भारी बारिश के कारण चंपावत क्षेत्र में स्थिति खराब है । जिसके कारण चंपावत और टनकपुर के मध्य का हाईवे काफी संवेदनशील बना हुआ है।

कुछ जगहों पर मलबा आया हुआ है । इसी वजह से मार्ग अवरुद्ध है । रास्ता साफ करने हेतु मशीनें लगी हुई हैं। उन्होंने बताया कि हमारे द्वारा तथा मीडिया सेल द्वारा भी अपील किया गया है कि आवश्यक कार्य हेतु ही इन रास्तों का उपयोग करें , सामान्य परिस्थितियों में चलना ठीक नहीं है । जैसे भी रास्ता ठीक हो जाएगा हमारे द्वारा तथा मीडिया द्वारा सूचित कर दिया जाएगा।