उत्तराखंड में सशक्त भू-कानून बनाने और वनों पर अपने पुश्तैनी हक-हकूकों व अधिकारों की मांग अब दिल्ली में भी उठेगी। मंगलवार को उत्तराखंड के जन संगठन व राजनीतिक दल इन मांगों लेकर नई दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर उपवास पर बैठेंगे। उपवास सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक चलेगा। यह जानकारी वनाधिकार आंदोलन के संस्थापक किशोर उपाध्याय ने दी।
प्रदेश में भू-कानून की मांग को लेकर भले ही प्रदेशभर में आंदोलन का दौर चल रहा हो लेकिन इसका नेतृत्व राजधानी देहरादून से ही हो रहा है। तमाम राजनीतिक दल और गैर राजनीतिक सामाजिक संगठन भू-कानून को लेकर मुखर हैं। राज्य आंदोलनकारी भी लगातार इस मुद्दे को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
इसके अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सामूहिक मंच ने भी प्रदेश में भू-कानून की आवश्यकता को लेकर राजधानी में बैठकें, विचार गोष्ठियां आयोजित की हैं।