पर्यावरण मित्रो का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार l

अशोक सरकार

टनकपुर

नगर पालिका परिषद के पर्यावरण मित्रों ने देव भूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संगठन के बैनर तले 12 सूत्रीय मांगों को लेकर पालिका कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है l उन्होंने ऐलान किया कि जब तक हमारी मांगे नहीं मानी जाती हमारा आंदोलन जारी रहेगा l पर्यावरण मित्रों द्वारा अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर लगातार संघर्ष किया जाता रहा है l

लेकिन आश्वासन के अलावा अभी तक कुछ मिला नही है l सफाई कर्मचारी संघ ने मोहल्ला स्वच्छता समिति के कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि ₹500 दिए जाने, सफाई कर्मचारी संगठन के लिए कार्यालय निर्माण कराए जाने, बाल्मीकि बस्तियों में सामुदायिक भवनों का जीर्णोद्धार किए जाने, सफाई उपकरण उपलब्ध कराए जाने, कर्मचारियों का वेतन प्रत्येक माह की 7 तारीख तक दिए जाने सहित 12 मांगों को लेकर आंदोलन का बिगुल बजा दिया है l
देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष कमलेश ने कहा हम लोग अपनी मांगों के समाधान के लिए लगातार पालिका अध्यक्ष को अवगत कराते रहे हैं l लेकिन हमारी समस्याओं को लगातार उनके द्वारा नजरअंदाज किया जाता रहा है l उन्होंने कहा कि 10 जुलाई को एक बार फिर उन्हें मांग पत्र सौंपा गया,

लेकिन उनके द्वारा फिर भी ध्यान नहीं दिया गया l बुधवार को 24 घंटे का नोटिस देने के बाद भी उनके द्वारा वार्ता की कोई पहल नहीं की l परिणाम स्वरूप हमें आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ा l उन्होंने ऐलान किया कि जब तक हमारी मांगे मान नहीं जाती हमारा आंदोलन जारी रहेगा |