कोटद्वार के द्वारीखाल ब्लॉक में नेपाली मूल के एक युवक पर गुलदार ने हमला कर दिया। घटना मंगलवार सुबह की है। बाघ के हमला करने पर युवक ने संघर्ष कर खुद को बचाया |
बताया जा रहा है कि ग्राम कांडी के महादेव मंदिर के पास नेपालियों का डेरा है। सुबह चार बजे गुलदार ने एक युवक पर हमला कर दिया। वहां सो रहे युवक के साथी ने आवाज सुनी तो हल्ला कर दिया। इस दौरान युवक ने भी हार नहीं मानी। उसने पूरी हिम्मत के साथ गुलदार का सामना किया और खुद को बचाया।
बता दें कि अभी कुछ दिन पहले ही कांडी के पड़ोस के गांव बागी के उप प्रधान के लड़के को भी गुलदार ने अपना निवाला बनाया था। पूरे क्षेत्र में गुलदार द्वारा इस घटना से लोग बहुत डरे हुए हैं। जंगल में घास काटने और लकड़ी लेने जाने वाले ग्रामीणों में दहशत है। लोगों ने वन विभाग और शासन-प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द नरभक्षी गुलदार से पूरे क्षेत्र को छुटकारा दिलाया जाए।