प्रखंड वीरोंखाल के अंतर्गत ग्रामसभा गडरी (कोलागाड) निवासी एक व्यक्ति की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। व्यक्ति दूसरे गांव में बैलों को लेकर जा रहा था।
घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे की है। ग्रामसभा गडरी के अंतर्गत ग्राम गोखंड निवासी हर्षलाल (54) पुत्र रेवलीदास अपने बैलों को लेकर कुटनाली गांव जा रहा था। जजेड़ी-पठोलगांव के मध्य छोंक्यालधार में सड़क में पड़ी बिजली की तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गांव में घटना की सूचना मिलने के बाद ग्राम प्रधान बीना देवी, संजय कुमार के साथ हर्षलाल के परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे।
संजय कुमार ने बताया कि मौके पर एक पेड़ का ऊपरी हिस्सा जला हुआ है। बताया कि गुरूवार को विद्युत विभाग के कर्मी इस विद्युत लाइन पर कार्य कर रहे थे। बताया कि संभवत: रात में विद्युत तार टूट कर पेड़ पर गिरी हो व करंट से पेड़ में भी आग लगी हो। उन्होंने बताया कि हर्षलाल का एक हाथ पूरी तरह काला पड़ा हुआ है। कहा कि संभवत: हर्षलाल ने सड़क में मध्य में पड़ी तार को किनारे हटाने की कोशिश की होगी व करंट लगने से उनकी मौत हो गई।
मृत व्यक्ति हर्ष लाल पुत्र श्री रेवतीदास, उम्र-48 वर्ष, ग्राम गौखंड, ग्राम पंचायत गाडरी, पट्टी कोलागाड, विकासखंड-पोखडा, तहसील-चौहट्टाखाल के रूप में हुई है |
इधर, सूचना मिलने के बाद सतपुली से विद्युत विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है।
ग्राम प्रधान बीना देवी व पूर्व क्षेत्र पंचायत प्रमुख सुरेंद्र सिंह रावत ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाही की मांग की।